विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के ‘नशा मुक्त युवा, नशा मुक्त भारत’ अभियान में उमड़ा जनसैलाब
डिजिटल माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन, युवाओं ने नशामुक्ति और राष्ट्र सेवा का लिया संकल्प

सूरत। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं दुर्गा वाहिनी, सूरत महानगर के तत्वावधान में रविवार को पर्वत पाटिया स्थित माहेश्वरी सेवा सदन में “नशा मुक्त युवा, नशा मुक्त भारत – विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्र सरकार की योजना के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का डिजिटल माध्यम से प्रसारित प्रेरणादायी संबोधन उपस्थित युवाओं ने देखा और नशामुक्त भारत के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय कोषाध्यक्ष दिनेशभाई नावडिया ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया तथा सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। सूरत महानगर अध्यक्ष अनिल रूंगटा एवं दक्षिण गुजरात प्रांत विशेष संपर्क प्रमुख दीपकभाई राजगुरु ने युवाओं से बजरंग दल एवं दुर्गा वाहिनी से जुड़कर शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का आग्रह किया। पूर्व विभाग मातृशक्ति संयोजिका कुसुम वर्मा ने भी बेटियों से दुर्गा वाहिनी से जुड़ने और नशे से दूर रहने की अपील की। कार्यक्रम में स्वामी मौनी बाबा का आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महानगर मंत्री विक्रमसिंह भाटी, सह मंत्री कमलेश क्याडा सहित सभी विभागों, जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का उल्लेखनीय योगदान रहा। दीपकभाई राजगुरु के सहयोग से बस व्यवस्था की गई, जबकि पश्चिम विभाग सहमंत्री जयेश राठौड़ ने यातायात प्रबंधन की उत्कृष्ट व्यवस्था कर दूर-दराज से आए कार्यकर्ताओं को सुविधा उपलब्ध कराई। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन पूर्व विभाग मंत्री कृष्णमुरारी शर्मा ने किया।




