टेक्सटाइल उद्योग को नई दिशा देने लघु उद्योग भारती का बड़ा कदम
राष्ट्रीय टेक्सटाइल कमेटी का गठन, अक्टूबर में दिल्ली में होगी 'टेक्सटाइल विज़न-2047' पर अहम बैठक

सूरत। देश के टेक्सटाइल उद्योग को संगठित और नई दिशा देने की पहल करते हुए लघु उद्योग भारती ने राष्ट्रीय स्तर पर टेक्सटाइल कमेटी के गठन की घोषणा की है। यह निर्णय लघु उद्योग भारती के टेक्सटाइल सेक्टर के अखिल भारतीय प्रमुख महेश हुरकट के सूरत प्रवास के दौरान फोस्टा कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया।
बैठक में टेक्सटाइल उद्योग की वर्तमान चुनौतियों, नई संभावनाओं, निर्यात बढ़ाने, वैश्विक प्रतिस्पर्धा तथा उद्योग के भविष्य को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि नई राष्ट्रीय टेक्सटाइल कमेटी में देश के विभिन्न जिलों से प्रतिनिधियों को कार्यकारिणी सदस्य बनाया जाएगा, जो उद्योग से जुड़े मुद्दों और सुझावों को संगठन के माध्यम से सरकार तक पहुंचाएंगे।संगठन ने तय किया कि टेक्सटाइल कमेटी की बैठक प्रत्येक दो माह में ऑनलाइन तथा प्रत्येक चार माह में ऑफलाइन आयोजित की जाएगी, ताकि उद्योग से जुड़े विषयों पर लगातार संवाद और समन्वय बना रहे।
बैठक में यह भी घोषणा की गई कि आगामी अक्टूबर में नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर की बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में वाणिज्य मंत्रालय और वस्त्र मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों तथा केंद्रीय मंत्रियों के साथ ‘टेक्सटाइल विज़न-2047’ पर व्यापक मंथन किया जाएगा। इसमें नई टेक्सटाइल नीति, उद्योग की चुनौतियां, निर्यात संवर्धन, वैश्विक प्रतिस्पर्धा और वर्ष 2047 तक भारत को विश्व का अग्रणी टेक्सटाइल हब बनाने की रणनीति पर चर्चा होगी।
मीडिया प्रभारी महेंद्र पटेल के अनुसार बैठक में लघु उद्योग भारती, सूरत के अध्यक्ष रामावतार पारीक, फोस्टा अध्यक्ष एवं लघु उद्योग भारती के संभाग उपाध्यक्ष हंसराज जैन, महानगर महामंत्री सतीश सवानी, उपाध्यक्ष रमेश राठी, संयुक्त महामंत्री पंकज शर्मा, कोषाध्यक्ष विनोद सारस्वत, इकाई अध्यक्ष हरीओम स्वामी, ओमप्रकाश कुमावत सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने टेक्सटाइल उद्योग को आत्मनिर्भर, प्रतिस्पर्धी और वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाने के लिए संगठनात्मक प्रयासों को और गति देने तथा उद्योग की समस्याओं एवं सुझावों को प्रभावी ढंग से सरकार के समक्ष रखने का संकल्प लिया।




