सूरत जिला माहेश्वरी सभा के चुनाव संपन्न, अतीन बाहेती बने अध्यक्ष
भगवती गग्गड़ सचिव चुने गए, नवगठित टीम ने समाजहित में कार्य करने का लिया संकल्प

सूरत। सूरत जिला माहेश्वरी सभा के वर्ष 2026–2029 कार्यकाल के लिए रविवार को अष्टम सत्र के चुनाव शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुए। मतदान सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक सभा कार्यालय, श्याम प्लाजा में आयोजित किया गया। चुनाव परिणाम घोषित होते ही समाजजनों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मीडिया प्रभारी सुनील माहेश्वरी ने बताया कि टीम शिवांश के उम्मीदवारों ने विभिन्न पदों पर जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद पर अतीन बाहेती, सचिव पद पर भगवती गग्गड़, कोषाध्यक्ष पद पर रामसहाय सोनी, संगठन मंत्री पद पर मुरलीधर लाहोटी तथा प्रचार मंत्री पद पर महेश खटोड़ निर्वाचित हुए।सभा के तीनों संभागों से उपाध्यक्ष पद पर कैलाश संभाग से अशोक बाल्दी, महादेव संभाग से सत्यनारायण राठी तथा नीलकंठ संभाग से दीपक काबरा निर्वाचित घोषित किए गए। वहीं सहसचिव पद पर दीपक डागा, कृष्णकांत तापड़िया एवं पवन चांडक ने जीत हासिल की।
परिणाम घोषित होने के बाद समाज के सदस्यों ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अतीन बाहेती ने चुनाव पर्यवेक्षक सुरेश तोषनीवाल, मुख्य चुनाव अधिकारी लाल सारड़ा तथा चुनाव प्रक्रिया में सहयोग देने वाले महेंद्र झंवर, गोपाल भराड़िया सहित सभी पदाधिकारियों और मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।उन्होंने विश्वास दिलाया कि नवगठित कार्यकारिणी अपने कार्यकाल में समाज के विकास, संगठन को मजबूत बनाने तथा शिक्षा, सेवा और समाजहित के विभिन्न कार्यों को नई गति देने के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगी।




