सूरत में गौ सम्मान अभियान को लेकर व्यापारियों की बड़ी बैठक, 7 मई की रैली की तैयारी तेज
हजारों गौ सेवकों के साथ कलेक्टर को सौंपा जाएगा ज्ञापन, 5 लाख हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य

सूरत।सूरत में “गौ सम्मान आह्वाहन अभियान” के तहत शहर के व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक मिलेनियम मार्केट स्थित फोस्टा बोर्ड रूम में आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लेकर आगामी 7 मई को होने वाली विशाल रैली को सफल बनाने के लिए रणनीति तय की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 7 मई को शहर के विभिन्न क्षेत्रों—अमरोली, वराछा, कतारगाम, रिंग रोड, रामबाड़ी, पर्वत पाटिया, नंदेश्वर गौशाला, माधव गौशाला और सर्वधर्म संस्था सहित कई गौ सेवा संगठनों से जुड़े लोग अलग-अलग समूहों में सुबह 9 बजे मिलेनियम मार्केट के सामने एकत्रित होंगे। यहां से सुबह 9:30 बजे रैली रवाना होकर वनिता विश्राम पहुंचेगी, जहां भटार, वेसु, पांडेसरा, सिटीलाइट और अडाजन क्षेत्रों से आने वाली रैलियां भी जुड़ेंगी।
इसके बाद सभी गौ सेवक हजारों की संख्या में एकजुट होकर कलेक्टर को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। इस दौरान साध्वी कपिला दीदी ने उपस्थित सदस्यों को अभियान की विस्तृत रूपरेखा समझाते हुए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।
अभियान के तहत शहरभर में एक व्यापक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसमें करीब 5 लाख हस्ताक्षर एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में व्यापारियों ने एकजुटता दिखाते हुए रैली में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया और कार्यक्रम को भव्य व सफल बनाने के लिए प्रचार-प्रसार एवं व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।



