इंदौर में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सम्पन्न
संगठन विस्तार और सामाजिक सशक्तिकरण समेत विविध मुद्दों पर हुआ मंथन

सूरत/इंदौर। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक 30 एवं 31 मई को इंदौर स्थित सिमचा रिसॉर्ट में उत्साह, संगठनात्मक ऊर्जा और समाजहित के संकल्पों के साथ सम्पन्न हुई। बैठक में देशभर से आए राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश अध्यक्षों और समाज प्रतिनिधियों ने संगठन के विस्तार, सामाजिक सरोकारों, युवा नेतृत्व और राजनीतिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, भगवान अग्रसेन महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं आरती के साथ हुआ। संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारूका ने सभी प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि नई टीम के नेतृत्व में आयोजित यह पहली राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक संगठन के लिए नए युग की शुरुआत साबित होगी। उन्होंने समाज की विभिन्न संस्थाओं, समाजसेवियों और प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने की आवश्यकता पर बल दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल ने कहा कि संगठन किसी अन्य संस्था का विकल्प नहीं, बल्कि सभी अग्रवाल संगठनों को जोड़ने वाला साझा मंच है। बैठक में प्रदेश अध्यक्षों ने अपने-अपने राज्यों में संगठन द्वारा किए गए कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी तथा संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने के सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक के दौरान अग्रवाल समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने, वरिष्ठजनों के अनुभवों का लाभ नई पीढ़ी तक पहुंचाने, युवाओं को नेतृत्व और सार्वजनिक जीवन से जोड़ने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने तथा उद्यमिता को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर विशेष चर्चा हुई। साथ ही सदस्यता अभियान को डिजिटल स्वरूप देने, महिला एवं युवा विंग को सशक्त बनाने तथा वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
दूसरे दिन सदस्यता विस्तार, डिजिटल संरचना, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहायता योजनाओं तथा समाजहित की भावी कार्ययोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर सूरत की अंतरराष्ट्रीय कवयित्री सोनल जैन को संगठन की सांस्कृतिक समिति का राष्ट्रीय संयोजक मनोनीत किया गया।
बैठक में गुजरात सहित विभिन्न राज्यों से 40 से अधिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। सूरत से राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारूका के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सक्रिय भागीदारी निभाई। संगठन पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि समाज की एकजुटता, सक्रिय सहभागिता और सामूहिक प्रयासों से संगठन आने वाले समय में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।



