उद्यमी सम्मेलन–2026 में गूँजी “उद्योग से राष्ट्र निर्माण” की आवाज
लघु उद्योग भारती सूरत का भव्य आयोजन, उत्कृष्ट उद्यमियों का सम्मान

संगठन विस्तार में नई जिम्मेदारियाँ सौंपीं, MSME सशक्तिकरण पर जोर
सूरत। लघु उद्योग भारती (सूरत जिला) द्वारा आयोजित “उद्यमी सम्मेलन–2026” का भव्य आयोजन श्री नरेंद्र पंचासरा भवन में उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में बड़ी संख्या में उद्यमियों, उद्योगपतियों एवं समाज के गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय संगठन महामंत्री प्रकाशचंद्र गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि भारत कभी “सोने की चिड़िया” था, जहां हर हाथ को रोजगार मिलता था और देश विश्व को वस्त्र उपलब्ध कराता था। उन्होंने बताया कि लघु उद्योग भारती पिछले 33 वर्षों से MSME क्षेत्र की मजबूती के लिए कार्यरत है, जो देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने उद्यमियों से आह्वान किया कि वे टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग कर अपने उद्योगों को वैश्विक स्तर पर स्थापित करें।
कार्यक्रम में सांवर प्रसाद बुधिया, दशरथ शेखावत, जॉइंट कमिश्नर उद्योग जे.बी. दवे एवं बलदेवभाई प्रजापत सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सूरत अध्यक्ष रामावतार पारीक ने कौशल विकास केंद्र स्थापित कर प्रवासी एवं जरूरतमंद लोगों को रोजगार से जोड़ने की योजना की जानकारी दी। गुजरात अध्यक्ष ईश्वरभाई पटेल ने संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डाला, जबकि वजूभाई वगासिया ने आगामी आईआरएफ कार्यक्रम की जानकारी दी।
सम्मेलन के दौरान वामपुम सिंटेक्स, गौरी पुत्र, देवश्री, ओल्ज़िन एवं युग फैशन को “उत्कृष्ट उद्यमी” सम्मान से सम्मानित किया गया। संगठन विस्तार के अंतर्गत हंसराज जैन (मरुधर केसरी) को संभाग उपाध्यक्ष तथा राजेंद्र चौधरी एवं विजय मांगुकिया को संभाग मंत्री का दायित्व सौंपा गया।
कार्यक्रम में विनोद सारस्वत, गणपत भाटी, श्याम तावनिया, हरीओम स्वामी सहित अनेक समाज अग्रणी एवं उद्यमियों की उपस्थिति रही। मीडिया प्रभारी शीशपाल स्वामी एवं महेंद्र चौधरी ने जानकारी साझा की, जबकि महामंत्री सतीश सवानी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र राजावत ने किया।




