पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने किया अलथान में ‘प्याऊ सेवा’ केंद्र का शुभारंभ

सूरत। भीषण गर्मी के बीच राहगीरों एवं जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से साकेत सेवा फाउंडेशन एवं चाय पे चर्चा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा सोमवार, 11 मई 2026 को अलथान पुलिस स्टेशन क्षेत्र, मेंहदीपुर बालाजी मंदिर के सामने चौथे “प्याऊ सेवा” केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्घाटन सूरत पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत के करकमलों द्वारा किया गया।
संस्था की ओर से बताया गया कि गर्मी के मौसम में शहर के विभिन्न स्थानों पर आमजन को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह सेवा अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। QMAX कंपनी के श्री लक्ष्मी सागर टिबरेवाल के सहयोग से प्रारंभ किए गए इस प्याऊ केंद्र पर प्रतिदिन राहगीरों, श्रमिकों एवं जरूरतमंद लोगों को ठंडा एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं द्वारा इस प्रकार की जनसेवा गतिविधियां समाज में सहयोग एवं संवेदना की भावना को मजबूत करती हैं। उद्घाटन अवसर पर साकेत सेवा फाउंडेशन एवं चाय पे चर्चा चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
संस्था के सांवर प्रसाद बुधिया ने बताया कि आगामी दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी प्याऊ सेवा केंद्र प्रारंभ किए जाने की योजना है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को गर्मी में राहत मिल सके।




