‘वेल्थ एक्सपो 2026’ का भव्य समापन, निवेशकों को मिला भविष्य की अर्थव्यवस्था का रोडमैप
हर्ष संघवी, विकास खेमानी समेत विशेषज्ञों ने जिम्मेदार निवेश, रोजगार और दीर्घकालिक वेल्थ क्रिएशन पर दिए महत्वपूर्ण संदेश

सूरत। द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआई) और जीतो सूरत द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘वेल्थ एक्सपो 2026’ का रविवार को सरसाना स्थित इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में भव्य समापन हुआ। आयोजन में देशभर के निवेश विशेषज्ञों, उद्योगपतियों और नीति निर्माताओं ने निवेशकों को भविष्य की आर्थिक संभावनाओं, जिम्मेदार निवेश और उद्योग विकास को लेकर मार्गदर्शन दिया।
समापन अवसर पर गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि उद्योगपतियों को केवल शेयर बाजार तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि रोजगार सृजन और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के जीवन स्तर में सुधार और उद्योगों का विस्तार भी आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
निवेश विशेषज्ञ विकास खेमानी ने ‘बुल मार्केट से आगे वेल्थ क्रिएशन’ विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि निवेशकों को जल्द मुनाफे के बजाय दीर्घकालिक और स्थायी संपत्ति निर्माण पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को भविष्य का बड़ा विकास इंजन बताया।
कार्यक्रम में निर्मल जैन, हितेश दोशी, चैंबर अध्यक्ष निखिल मद्रासी सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति, निवेशक और कारोबारी उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान इंटरएक्टिव सेशन, रैपिड फायर चर्चा और निवेश संबंधी मार्गदर्शन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।




