प्रमुख आरण्य गोडादरा में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न

सूरत। गोडादरा स्थित प्रमुख आरण्य सोसाइटी में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में चार दिवसीय भव्य महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। सोसाइटी के अध्यक्ष गोपाल झालानी ने जानकारी देते हुए बताया कि परिसर में एक भव्य मंदिर का निर्माण किया गया है, जिसमें अयोध्या से अखंड ज्योत लाकर स्थापित की गई।
मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 3 मई को संत-महात्माओं के सानिध्य में विधिवत मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न हुई। इस पावन अवसर पर श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर विश्वकानंद जी महाराज, कृपाराम जी महाराज, राजाराम जी महाराज, नवलगिरी जी महाराज और ललित किशोर जी महाराज की विशेष उपस्थिति रही।
चार दिनों तक चले इस महोत्सव में भजन संध्या, डायरा तथा सोसाइटी के बच्चों एवं महिलाओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मंदिर परिसर में श्रीराम दरबार के साथ माँ दुर्गा, पंचमुखी हनुमान जी, राधा-कृष्ण, प्रमुखेश्वर महादेव एवं शीतला माता जी की विधिवत स्थापना की गई। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।



