भारत विकास परिषद, पश्चिम क्षेत्र का भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन सूरत में सम्पन्न

सूरत। भारत विकास परिषद, पश्चिम क्षेत्र (पश्चिम भारत) का दो दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन दिनांक 03–04 जनवरी 2026 को गुजरात दक्षिण प्रांत के सूरत शहर में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। सम्मेलन में गुजरात, महाराष्ट्र एवं गोवा राज्यों के विभिन्न प्रांतों से कुल 612 प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर संगठनात्मक एकता और सेवा-भाव को सशक्त किया।
उद्घाटन सत्र में सेवा क्षेत्र के ख्यातनाम हीरा उद्योगपति लालजीभाई पटेल (चेयरमैन, धर्मनंदन डायमंड) ने भारत विकास परिषद के सेवा–संस्कार आधारित कार्यों की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं। मुख्य वक्ता सुरेश जैन (राष्ट्रीय संगठन मंत्री) ने अंत्योदय की भावना के साथ कार्य-विस्तार, महिलाओं के आत्मनिर्भरता कार्यक्रमों तथा निर्धन परिवारों को सक्षम बनाने के प्रयासों को गति देने का आह्वान किया।
पश्चिम क्षेत्र अध्यक्ष एल. आर. जाजू ने क्षेत्रीय गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया। यजमान गुजरात दक्षिण प्रांत अध्यक्ष धर्मेश शाह ने स्वागत उद्बोधन दिया। स्वागत समिति अध्यक्ष गिरीश लूथरा तथा महासचिव विनोदभाई लाठिया ने सम्मेलन का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया।
प्रांत पेट्रन डॉ. किशोरसिंह एन. चावडा (कुलगुरु, वी.एन. साउथ गुजरात यूनिवर्सिटी) ने शिक्षा और संस्कार पर प्रेरक संबोधन दिया।
सम्मेलन में सेवा, संस्कार, संपर्क, पर्यावरण और महिला सहभागिता—इन पाँच आयामों पर सार्थक मंथन हुआ। “धरोहर” सांस्कृतिक संध्या में गरबा, घूमर, शिव-स्तुति, एकांकी, काव्य एवं आदिवासी डांगी नृत्य की प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध किया। समापन सत्र में संघ शताब्दी वर्ष के पंच परिवर्तन पर मार्गदर्शन देते हुए संगठन-विस्तार का संकल्प दोहराया गया तथा स्मृति-स्वरूप “अमृतम” सोवेनियर का विमोचन किया गया।




