पालिताणा फागण फेरी के लिए चलेगी विशेष ट्रेन
पश्चिम रेलवे का बड़ा फैसला, मुंबई-सूरत समेत कई शहरों के जैन श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ

सूरत। जैन श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे ने पालिताणा फागण फेरी के अवसर पर विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। सूरत स्थित जैन तीर्थधाम द्वारा आयोजित वार्षिक “पालिताणा फेरी” में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, विशेष ट्रेन मुंबई और आसपास के क्षेत्रों से पालिताणा जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। इससे श्रद्धालुओं को कन्फर्म टिकट के साथ आरामदायक एवं किफायती यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
यह विशेष ट्रेन बोरिवली, पालघर, वापी, वलसाड, सूरत, वडोदरा, अहमदाबाद, बोटाद, ढोला, सोनगढ़ और सिहोर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
ट्रेन का समय
ट्रेन संख्या 09023 6 मई को दोपहर 12:15 बजे बांद्रा से रवाना होकर अगले दिन सुबह 05:10 बजे पालिताणा पहुंचेगी।
ट्रेन संख्या 09024 (वापसी)8 मई को शाम 5:00 बजे पालिताणा से रवाना होकर अगले दिन सुबह 07:25 बजे बांद्रा पहुंचेगी।
रेलवे के इस फैसले का जैन समाज एवं यात्रियों ने स्वागत किया है। श्रद्धालुओं का मानना है कि विशेष ट्रेन से यात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक हो जाएगी।




