मसल एंड फिटनेस जिम में गूंजे ठहाके
विश्व हास्य दिवस पर ‘हास्य योग’ से तनावमुक्त हुए प्रतिभागी

सूरत। विश्व हास्य दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार, 2 मई को ऑर्नेट पैलेस स्थित मसल एंड फिटनेस जिम में एक विशेष हास्य योग सत्र का आयोजन किया गया। कल्याणम् योग केन्द्र, सूरत के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय योग एवं प्रेक्षाध्यान प्रशिक्षिका तथा हास्य योग विशेषज्ञ अलका सांखला ने अपनी अनूठी शैली से प्रतिभागियों को हंसी के माध्यम से तनावमुक्त किया।
सुबह 8 बजे शुरू हुए इस सत्र में जिम के संचालक भाविनभाई ने भी सक्रिय रूप से भाग लेकर सभी को प्रेरित किया। वर्कआउट के लिए आए सदस्य जैसे ही हास्य योग से जुड़े, पूरा परिसर सकारात्मक ऊर्जा और ठहाकों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री हास्य, फ्लॉवर हास्य, लस्सी हास्य और पतंग हास्य जैसी विभिन्न गतिविधियों ने सभी का मन मोह लिया। विशेषकर पतंग हास्य के दौरान प्रतिभागियों ने बचपन की यादों के साथ खुलकर आनंद लिया।
अंत में संगीत और नृत्य के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। प्रतिभागियों ने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस सत्र ने उनकी मानसिक थकान दूर कर उन्हें तरोताजा कर दिया। हंसी और खुशियों के संकल्प के साथ यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




