सामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

33 वर्षों बाद दोस्तों का ऐतिहासिक मिलन, भावुक यादों से सजी शाम

सूरत। शहर में दोस्ती, यादों और भावनाओं से भरी एक यादगार शाम उस समय देखने को मिली, जब विद्या भारती हिंदी विद्यालय के वर्ष 1993 बैच के छात्र-छात्राएं पूरे 33 वर्षों बाद एक भव्य रीयूनियन समारोह में एक साथ जुटे। इस ऐतिहासिक मिलन समारोह ने सभी को फिर से स्कूल के सुनहरे दिनों की यादों में पहुंचा दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल की मासूम शरारतें, क्लासरूम की यादें, खेल के मैदान की मस्ती, टिफिन शेयर करने के पल और वार्षिक समारोहों की रंगीन झलकियां सभी के चेहरों पर मुस्कान और आंखों में भावुकता लेकर आईं। वर्षों बाद मिले दोस्तों ने एक-दूसरे को गले लगाकर पुरानी यादों को ताजा किया और अपने जीवन के अनुभव साझा किए।
33 वर्षों के इस लंबे सफर में किसी ने व्यवसाय जगत में पहचान बनाई, तो कोई डॉक्टर, इंजीनियर, प्रिंसिपल, शिक्षक और सफल उद्यमी बना। लेकिन समय के इतने लंबे अंतराल के बावजूद स्कूल की दोस्ती आज भी सभी के दिलों में उसी आत्मीयता और अपनत्व के साथ जीवित दिखाई दी।
रीयूनियन समारोह का उद्देश्य केवल पुराने दोस्तों का मिलना नहीं, बल्कि उन रिश्तों और भावनाओं को फिर से महसूस करना था, जो समय के साथ और अधिक मजबूत होते चले गए। कार्यक्रम में डांस पार्टी, म्यूजिक, मनोरंजक गतिविधियां, मेमोरी शेयरिंग, फोटोग्राफी और विशेष डिनर का आकर्षक आयोजन किया गया, जिसका सभी ने भरपूर आनंद लिया।
समारोह में उपस्थित सभी मित्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई साथी वर्षों बाद पहली बार एक-दूसरे से मिले, जिससे पूरा माहौल भावुक और यादगार बन गया। यह मिलन समारोह सभी के लिए जीवनभर संजोकर रखने वाली खूबसूरत याद बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button