सूरत में सामूहिक विवाह: 7 जोड़े बने जीवनसाथी

सूरत। झुंझुनूं प्रगति संघ एवं महिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सिटीलाइट स्थित देवसर हॉल में 7 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र गाड़ियां ने जानकारी देते हुए बताया कि विवाह में शामिल सभी 7 जोड़े सूरत एवं आसपास के क्षेत्रों से हैं। महिला इकाई की अध्यक्षा संतोष गाड़ियां ने बताया कि संस्था द्वारा सगाई से लेकर विदाई तक की संपूर्ण व्यवस्थाएं की गईं, जिससे सभी परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सचिव संध्या मोदी एवं कोषाध्यक्ष रेखा खंडेलिया के अनुसार, कार्यक्रम में शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में सचिव दिनेश खंडेलिया, कोषाध्यक्ष हेमन्त ढढारिया तथा पदाधिकारी विजयलक्ष्मी गाड़ियां, ममता नांगलिया, आशी बंसल, कुसुम जोशी, नीतू अग्रवाल, नेहा नांगलिया, दिव्या अग्रवाल और प्रीति कानोडिया सहित सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में नवविवाहित जोड़ों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।




