
सूरत। अडाजन के एकाउंटेंट से शेयर मार्केट और फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश के बहाने 46.16 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर क्राइम सेल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के बैंक खाते में युवक के 1.26 लाख रुपये जमा हुए थे। साथ ही इस बैंक खाते पर राज्यभर में 6 शिकायतें दर्ज होने का खुलासा हुआ है।
साइबर क्राइम सेल से मिली जानकारी के अनुसार, अडाजन स्थित रियल प्वाइंट अपार्टमेंट में रहने वाले एकाउंटेंट किशोरकुमार चिमनलाल पारेख दिसंबर 2025 में “एक्सिस सिक्योरिटीज” नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़े थे। ग्रुप के एडमिन रोजाना शेयर बाजार से जुड़ी जानकारी डालते थे। इससे प्रभावित होकर किशोरकुमार ने निवेश के लिए एडमिन से संपर्क किया। एडमिन ने शेयर मार्केट और फॉरेक्स ट्रेडिंग में अच्छा मुनाफा होने का लालच देकर उन्हें अपने झांसे में ले लिया।
इसके बाद किशोरकुमार से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 46.16 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए और ठगी की। जांच के दौरान पुलिस ने (1) कैंपा एनर्जी ड्रिंक की मार्केटिंग करने वाले हार्दिक लालजीभाई धोळकिया (उम्र 26, निवासी दीप रो-हाउस, कठोदरा, सूरत, मूल निवासी तरघड़ा, जिला बोटाद) और (2) डिटर्जेंट पाउडर का व्यापार करने वाले दर्श महेशभाई कात्रोडिया (उम्र 23, निवासी हिवा एंटरप्राइज, सरदार कैंपस, सारोली, मूल निवासी खोडियार नगर, नानी वावड़ी, गरियाधार, जिला भावनगर) को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि इंडसइंड बैंक के खाते में फरियादी के ₹1,26,105 ट्रांसफर हुए थे। हार्दिक ने अपने साथी दर्श के साथ मिलकर यह रकम एटीएम और चेक के जरिए निकाल ली। आरोपियों ने अपने बैंक खाते की किट अन्य फरार आरोपियों को साइबर फ्रॉड के लिए दे रखी थी। इस बैंक खाते पर नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर अलग-अलग राज्यों में कुल 6 शिकायतें दर्ज हैं।



