
सूरत। कतारगाम के नारायणनगर स्थित “सहकार ट्रेडर्स” नाम से 50 प्रतिशत साझेदारी में शुरू की गई दुकान में महिला व्यापारी से कुल 1.75 करोड़ रुपये का निवेश करवाने के बाद भागीदार द्वारा बकाया 1.33 करोड़ रुपये की रकम नहीं चुकाकर ठगी करने का मामला सामने आया है।
कतारगाम पुलिस सूत्रों के अनुसार, धनमोरा चार रास्ता, नारायणनगर, मकान नंबर 81 में रहने वाली आरतीबेन गौरवभाई रैयाणी के साथ वर्ष 2023 में परिचित व्यापारी दीप धीरजलाल वोरा (निवासी ए/303, परदेशी पार्क, देसाई फलियुं, कतारगाम, सूरत) ने नारायणनगर प्लॉट नंबर 250 में 50% भागीदारी में दुकान शुरू कराई थी। जिसमें माल-सामान के रूप में कुल 1,75,60,856 रुपये का निवेश करवाया गया था।
बाद में व्यापार अनुकूल नहीं रहने पर हिसाब करने पर आरतीबेन को भागीदार दीप वोरा से 1,33,34,089 रुपये लेना बाकी था। लेकिन यह रकम नहीं चुकाई गई और टालमटोल किया जाता रहा।
बदनीयती सामने आने पर आरतीबेन ने कल कतारगाम पुलिस थाने में भागीदार दीप वोरा के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(5) के तहत शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच पीएसआई जे.एन. चौहान कर रहे हैं।


