प्रदीप पहाड़िया तीसरी बार बने श्री आदिनाथ दिगंबर जैन युवा मंडल के अध्यक्ष
सूरत में हुई युवा मंडल की सामान्य बैठक में नवीन कार्यकारिणी का गठन

सूरत।सूरत की प्रमुख सामाजिक संस्था श्री आदिनाथ दिगंबर जैन युवा मंडल की सामान्य बैठक आज दिनांक 29 जून को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में संस्था की नवीन कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चयन किया गया। इस अवसर पर श्रीमान प्रदीप पहाड़िया (कुचामन वाले) को तीसरी बार मंडल का अध्यक्ष चुने जाने का गौरव प्राप्त हुआ।
नवगठित कार्यकारिणी में श्री मनीष कुमार सेठी (गया वाले) को महामंत्री एवं अनुभव सेठी को कोषाध्यक्ष के रूप में दायित्व सौंपा गया। पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों, वरिष्ठजनों व सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व में संगठन को और ऊंचाइयों तक पहुंचाने की आशा व्यक्त की। वक्ताओं ने प्रदीप जी पहाड़िया के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके पिछले कार्यकालों में संस्था ने धार्मिक आयोजनों, युवा सशक्तिकरण, सेवा कार्यों व सामाजिक एकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं।
नव निर्वाचित अध्यक्ष प्रदीप पहाड़िया ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पद मेरे लिए एक सेवा का अवसर है, न कि सम्मान का। मैं मंडल को नई ऊर्जा, नवाचार और समर्पण के साथ आगे ले जाने का प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को समाज सेवा, संयम और धर्म की राह से जोड़ना ही संस्था का मूल उद्देश्य रहेगा।