
सूरत। भारतीय जनता पार्टी – सूरत महानगर द्वारा गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरुवार, 10 जुलाई को शहर के प्रत्येक वार्ड में दो से तीन स्थानों पर गुरु पूजन एवं दर्शन कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया।
इस विशेष दिन पर भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों, चुने हुए जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने वार्ड में विभिन्न संप्रदायों के प्रमुखों, धर्मगुरुओं, साधु-संतों, पीठाधीशों, गादीपतियों, सम्मानित शिक्षकों एवं स्कूल-कॉलेजों के वरिष्ठ प्राचार्यों का ससम्मान पूजन कर उनका अभिनंदन किया।
गुरुभगवंतों का स्वागत पुष्पहार और शाल भेंट कर किया गया। इस अवसर पर कई स्थलों पर गुरुओं के करकमलों से वृक्षारोपण भी किया गया, जिससे समाज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी गया।
भाजपा सूरत महानगर द्वारा आयोजित यह संपूर्ण कार्यक्रम अध्यात्म, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण की त्रिवेणी के रूप में शहरभर में श्रद्धा और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ।