एफटीएस युवा सूरत द्वारा गुरुकुल संस्कार कक्षाओं का हुआ शुभारंभ

सूरत।भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों एवं नैतिक शिक्षा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से एफटीएस युवा सूरत द्वारा आज वेसु क्षेत्र में गुरुकुल संस्कार कक्षाओं का शुभारंभ किया गया।
इन कक्षाओं का मुख्य उद्देश्य बच्चों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना तथा उन्हें भारतीय संस्कृति, हिन्दू धर्म, नैतिक मूल्यों एवं जीवनोपयोगी संस्कारों से परिचित कराना है। वर्तमान समय में जहां आधुनिक शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, वहीं बच्चों को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ना भी अत्यंत आवश्यक है।
गुरुकुल संस्कार कक्षाओं का संचालन सोनिया प्रजापति एवं मीनाक्षी चांडक के नेतृत्व में किया जाएगा। यह कक्षाएं प्रत्येक रविवार को आयोजित होंगी, जिनमें बच्चों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक ज्ञान, नैतिक शिक्षा, व्यक्तित्व विकास तथा भारतीय परंपराओं से संबंधित विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कक्षाओं के उद्घाटन के अवसर पर एफटीएस युवा सूरत के अध्यक्ष अनुराग जैन, गौतम प्रजापति, नकुल राठी, शिखा राठी एवं सरिता गुलगुलिया उपस्थित रहे।





