समाज सेवा के लिए स्थायी भूमि क्रय के लक्ष्य के करीब पहुँचा श्रीकुमावत सेवा संस्थान ट्रस्ट
परम पूज्य महाराजश्री के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में समाजहित के कार्यों में सहभागी बनने का आह्वान

सूरत। श्रीकुमावत (राजस्थानी) सेवा संस्थान ट्रस्ट, सूरत द्वारा परम पूज्य महाराजश्री के पावन सान्निध्य में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सूरत महानगर एवं आसपास के क्षेत्रों में समाज सेवा के लिए स्थायी स्थान की व्यवस्था हेतु भूमि क्रय के लिए सहयोग जुटाना था। संस्थान ने बताया कि समाजबंधुओं के सहयोग और भगवान की कृपा से ट्रस्ट अपने लक्ष्य के अत्यंत निकट पहुंच चुका है तथा शीघ्र ही भूमि क्रय की प्रक्रिया पूर्ण कर भवन निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
अपने आशीर्वचन में पूज्य महाराजश्री ने कहा कि मानव जीवन ईश्वर की अनमोल देन है और इसका सदुपयोग प्रभु भजन, सेवा और परोपकार में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपने लिए तो सभी जीते हैं, लेकिन जो दूसरों के लिए जीता है, वही सच्चे अर्थों में मानव कहलाता है। समाज में जन्म लेने के कारण प्रत्येक व्यक्ति का समाज के प्रति दायित्व है और समाज सेवा वास्तव में भगवान का कार्य है, क्योंकि उसमें सामूहिक हित निहित होता है। उन्होंने सभी से समाजहित के कार्यों में सहभागी बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नवचयनित आईएएस परेश कुमावत, भाजपा नेता कैलाश कुमावत, सरपंच लक्ष्मण कुमावत, दिनेश राजपुरोहित, पुखराज कुमावत सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। संस्थान के अध्यक्ष देवीलाल मंगलाव, उपाध्यक्ष मोहन कुमावत तथा बड़ी संख्या में समाजजन, भामाशाह, माताओं-बहनों और युवाओं ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रधानाचार्य गोवर्धन भाडखा ने किया।




