एस.वी. पब्लिक स्कूल में गूंजा राष्ट्रप्रेम, जवानों के नाम भेजीं 21 हजार हस्तनिर्मित राखियां ‘एक राखी राष्ट्र के नाम’

सूरत। एस.वी. पब्लिक स्कूल में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत ‘एक राखी राष्ट्र के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपने हाथों से तैयार की गई 21 हजार राखियां देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के लिए भेजीं। विद्यार्थियों की इस पहल के माध्यम से जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में लिंबायत विधायक श्रीमती संगीता बेन पाटील, आईआरएस एवं उप जीएसटी आयुक्त श्री वीरेंद्र मीणा, आईआरएस एवं उप जीएसटी आयुक्त श्री पंकज मीणा, श्री नंदूजी शर्मा, तटरक्षक दल तथा राजस्थान युवा संघ के अध्यक्ष श्री शक्तिसिंह तंवर सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
इस अवसर पर विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों को दुपट्टा पहनाकर एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा, अनुशासन, कर्तव्य और देश के वीर जवानों के प्रति सम्मान का महत्व भी समझाया गया। ‘एक राखी राष्ट्र के नाम’ जैसी पहल विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का प्रेरणादायी माध्यम बनी।
राखी जवानों के नाम, सम्मान प्रतिभाओं के नाम।



