businessTextileसामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

मुंबई में 6 घरफोड़ चोरी के मामलों का खुलासा, कुख्यात आरोपी सूरत के सारोली से गिरफ्तार

45.26 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद, 33 तोला से अधिक सोने के आभूषण जब्त

सूरत। सूरत शहर की सारोली पुलिस ने नियमित वाहन जांच के दौरान मुंबई में दर्ज घरफोड़ चोरी के छह मामलों में वांछित एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के पास से 45.26 लाख रुपये मूल्य का चोरी का माल बरामद किया गया, जिसमें 33 तोला से अधिक सोने के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और महंगी घड़ियां शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद मुंबई के एमएचबी कॉलोनी पुलिस स्टेशन में दर्ज छह चोरी के मामलों का भी खुलासा हो गया है।

पुलिस के अनुसार, वाहन चेकिंग के दौरान अंतरोली गांव के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पूछताछ में उसने अपना नाम कमलजीत सिंह उर्फ शनी सिंह कुलजीत सिंह गुरदीप सिंह बंगू (26) निवासी मुंबई बताया। उसके बैग की तलाशी लेने पर करीब 329.30 ग्राम (33 तोला से अधिक) सोने के आभूषण, 70 हजार रुपये नकद, 24 हजार रुपये का मोबाइल फोन और दो महंगी कलाई घड़ियां बरामद हुईं। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 45,26,690 रुपये आंकी गई है।

जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ मुंबई में पहले से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह वर्ष 2017 से चोरी की वारदातों में सक्रिय था। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले बंद पड़े मकानों की रेकी करता था। जिन घरों के बाहर कई दिनों से अखबार पड़े रहते थे या लंबे समय से ताला लगा होता था, उन्हें निशाना बनाकर रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम देता था।

डीसीपी डॉ. कानन देसाई ने बताया कि आरोपी चोरी का सामान लेकर राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था, लेकिन सारोली पुलिस की सतर्कता के चलते वह रास्ते में ही गिरफ्तार हो गया। प्रारंभिक जांच में उसके परिवार के कुछ सदस्यों के भी इसी तरह की चोरी की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी मिली है। फिलहाल आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button