9 से 14 अगस्त तक सूरत में चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
तिरंगा यात्राएं, स्कूल-कॉलेजों में प्रतियोगिताएं और देशभक्ति कार्यक्रम होंगे आयोजित

सूरत। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सूरत जिले में 9 से 14 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर तेजस परमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें महापौर मायाबेन मावाणी सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में जिला कलेक्टर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने सभी विभागों, स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं तथा युवा एवं महिला संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान शहर और जिले के सभी घरों, दुकानों, उद्योगों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सरकारी एवं निजी कार्यालयों तथा सामाजिक संस्थाओं पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
उप जिला कलेक्टर (प्रोटोकॉल) ए.पी. गोहिल ने बताया कि अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिक्षा विभाग के सहयोग से स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भाषण, प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन, प्रभात फेरी, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न देशभक्ति गतिविधियों का आयोजन होगा। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्राएं भी निकाली जाएंगी।
14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ भी मनाया जाएगा, जिसमें देश के विभाजन की पीड़ा को स्मरण करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष समीर मोदी, मनपा की स्थायी समिति के अध्यक्ष राजन पटेल, पुलिस आयुक्त वाबांग जमीर, जिला पुलिस प्रमुख राजन गढ़िया, निवासी अतिरिक्त कलेक्टर विजय रबारी, प्रांत अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




