शाइन फेस्ट- 2026 : सेवा, स्वास्थ्य और अध्यात्म का त्रिवेणी महोत्सव संपन्न
तीन दिवसीय आयोजन में हजारों लोगों ने लिया लाभ, 2500 से अधिक विद्यार्थियों का नेत्र परीक्षण और 270 से अधिक लोगों ने मेडिकल कैंप का उठाया फायदा

सूरत। तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम (टीपीएफ) उधना द्वारा आयोजित तीन दिवसीय शाइन फेस्ट- 2026 – Care • Connect • Contribute का सफल आयोजन 17 से 19 जुलाई तक तेरापंथ भवन, उधना में हुआ। स्वास्थ्य, अध्यात्म, शिक्षा, प्रोफेशनल विकास और समाज सेवा पर केंद्रित इस महोत्सव में हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महोत्सव का शुभारंभ जैन संस्कार विधि से हुआ। उद्घाटन समारोह में टीपीएफ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राहुल राठौड़ सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साध्वी डॉ. परमयशाजी ने संतुलित आहार, संयम और आध्यात्मिक जीवन पर प्रेरक प्रवचन दिए, जबकि पोषण विशेषज्ञ कृतज्ञा छाजेड़ ने स्वस्थ जीवनशैली पर उपयोगी जानकारी साझा की।
मिशन दृष्टि अभियान के तहत तारा विद्या मंदिर के 2500 से अधिक विद्यार्थियों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण किया गया। वहीं तीन दिवसीय स्वास्थ्य सेवा अभियान के अंतर्गत महिला, वरिष्ठ नागरिक और “आरोग्यम” मेगा मल्टी-स्पेशलिटी मेडिकल कैंप आयोजित किए गए, जिनमें कुल 270 से अधिक लाभार्थियों ने विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श और उपचार प्राप्त किया।
कॉर्पोरेट सत्र ” ग्रोथ अनलिमिटेड” में शार्क टैंक इंडिया फेम एवं ज़ोरको के संस्थापक आनंद नाहर ने उद्यमिता, ब्रांड निर्माण और बिजनेस ग्रोथ पर युवाओं का मार्गदर्शन किया। वहीं टीपीएफ परामर्श और कोंनेक्ट कार्यक्रमों के माध्यम से करियर, निवेश, कानूनी सलाह, प्रोफेशनल नेटवर्किंग और व्यवसायिक सहयोग को बढ़ावा दिया गया।
तीन दिवसीय महोत्सव का समापन श्रद्धानिष्ठ संगगायक कमल सेठिया की भिक्षु भक्ति संध्या के साथ हुआ। टीपीएफ उधना के अध्यक्ष हिमांशु चपलोत ने सभी सहयोगियों, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि SHINE FEST 2026 सेवा, संस्कार, स्वास्थ्य और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा।




