अहमदबादगुजरातराजस्थानसूरत सिटी

अहमदाबाद से राजस्थान के बीकानेर को जोड़ने वाली ट्रेन सेवा जल्द होगी शुरू

गुजरात के अहमदाबाद, महेसाणा, पाटन, बनासकांठा तथा राजस्थान के जालोर, बालोतरा, जोधपुर, नागौर और बीकानेर सहित कई शहरों को मिलेगा सीधा लाभ

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जल्द दिखाएंगे हरी झंडी, अहमदाबाद (साबरमती) से बीकानेर लालगढ़ तक शुरू होगी नई दैनिक सेवा

अहमदाबाद। गुजरात और राजस्थान के लोगों को जल्द ही एक नई रेल सेवा की सौगात मिलने जा रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शीघ्र ही अहमदाबाद (साबरमती)-बीकानेर लालगढ़ एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। यह नई रेल सेवा अहमदाबाद और बीकानेर के बीच सीधी, तेज और सुविधाजनक रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी।

यह नई एक्सप्रेस ट्रेन पश्चिम भारत के दो महत्वपूर्ण पर्यटन क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगी। अब गुजरात के प्रसिद्ध साबरमती रिवरफ्रंट, मोढेरा सूर्य मंदिर और पाटन की रानी की वाव के साथ राजस्थान के भव्य किलों, करणी माता मंदिर, लालगढ़ पैलेस तथा बीकानेर की समृद्ध संस्कृति और मरुस्थलीय पर्यटन का आनंद लेना यात्रियों के लिए और अधिक आसान हो जाएगा। यह ट्रेन यात्रियों को सुविधाजनक और सीधी रेल कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।

नई ट्रेन से गुजरात के अहमदाबाद, महेसाणा, पाटन और बनासकांठा जिलों के लोगों को लाभ मिलेगा, जबकि राजस्थान के जालोर, बालोतरा, जोधपुर, नागौर और बीकानेर सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी इस सेवा का फायदा मिलेगा।

ट्रेन के प्रमुख स्टेशनों में साबरमती, महेसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, नागौर, नोखा, बीकानेर और लालगढ़ शामिल हैं। समदड़ी और मोकलसर स्टेशन बालोतरा जिले के महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन हैं, जिससे बालोतरा क्षेत्र के यात्रियों को भी इस नई रेल सेवा का सीधा लाभ मिलेगा।

लगभग 740 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस नई एक्सप्रेस सेवा के प्रारंभ होते ही बीकानेर और अहमदाबाद के बीच दैनिक एक्सप्रेस रेल संपर्क स्थापित हो जाएगा। इससे व्यापार, पर्यटन, धार्मिक यात्राओं और पारिवारिक आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button