
सूरत में आगामी 13 और 14 दिसंबर को ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स की 116वीं कार्यकारिणी समिति बैठक आयोजित की जाएगी। सूरत के मेयर एवं ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स के महामंत्री दक्षेश मावाणी इस दो दिवसीय बैठक की संपूर्ण व्यवस्था पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।
बैठक में देश के विभिन्न शहरों के मेयर शामिल होंगे। जानकारी के अनुसार, अब तक देश के 50 शहरों के मेयरों को आमंत्रण भेजा जा चुका है। दो दिवसीय यह बैठक सूरत के पाल क्षेत्र स्थित रैडिसन ग्रुप होटल में आयोजित की जाएगी।इस राष्ट्रीय स्तर की बैठक में नगरीय विकास, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट, प्रशासनिक सुधार, शहरों की सार्वजनिक सेवाओं में नवाचार जैसे कई मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।




