Uncategorized

रिंग रोड कपड़ा बाजार बंद कराने के फैसले पर उठा विवाद, व्यापारियों ने जताई नाराजगी; आज जलभराव के खतरे के बीच बाजार खुले

सूरत, 1 अगस्त। भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका के बीच 31 जुलाई को प्रशासन के निर्देश पर फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशंस (FOSTTA) ने तत्काल प्रभाव से रिंग रोड सहित शहर के कपड़ा बाजार बंद रखने की अपील जारी की थी। संगठन ने अपने पत्र में व्यापारी, कर्मचारियों तथा जान-माल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी मार्केट पूर्ण रूप से बंद रखने का निर्णय घोषित किया था।

हालांकि इस निर्णय के बाद व्यापारी वर्ग में असंतोष भी देखने को मिला। सोशल मीडिया पर व्यापारियों का एक संदेश तेजी से वायरल हुआ, जिसमें सवाल उठाया गया कि हर बार केवल रिंग रोड के कपड़ा बाजार को ही बंद करने के आदेश क्यों दिए जाते हैं, जबकि शहर के अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान, मॉल, बैंक और डायमंड बाजार सामान्य रूप से संचालित होते रहते हैं। व्यापारियों का कहना है कि यदि स्थिति वास्तव में गंभीर हो तो पूरे शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए समान नीति अपनाई जानी चाहिए।

अचानक बंदी से बाहरी व्यापारियों को हुई परेशानी

व्यापारियों ने यह भी कहा कि सूरत आज अंतरराष्ट्रीय कपड़ा बाजार के रूप में पहचान बना चुका है। देशभर से प्रतिदिन सैकड़ों व्यापारी खरीदारी के लिए यहां पहुंचते हैं। अचानक बाजार बंद होने से एक दिन के कार्यक्रम पर आए बाहरी राज्यों के व्यापारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। उनका मानना है कि ऐसी परिस्थितियों में प्रशासन और व्यापारिक संगठनों को वैकल्पिक व्यवस्था या पूर्व सूचना की बेहतर प्रणाली विकसित करनी चाहिए।

व्यापारी समाज ने यह भी स्पष्ट किया कि सुरक्षा सर्वोपरि है, लेकिन बिना ठोस कारण केवल कपड़ा बाजार को बंद करने की परंपरा से बाजार की छवि प्रभावित होती है। साथ ही भविष्य में ऐसे एकतरफा निर्णयों के खिलाफ कानूनी विकल्प अपनाने की चेतावनी भी दी गई है।

आज बाजार खुले, लेकिन सतर्कता बरकरार

इधर 1 अगस्त को शहर में लगातार वर्षा जारी है और कई क्षेत्रों में जलभराव का खतरा बना हुआ है। इसके बावजूद आज सूरत के कपड़ा बाजार सामान्य रूप से खुले रहे। व्यापारिक गतिविधियां शुरू हो गई हैं, हालांकि व्यापारी मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने भी नागरिकों और व्यापारियों से मौसम विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा आवश्यकता पड़ने पर सतर्क रहने की अपील की है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button