अग्रवाल समाज ट्रस्ट को फिर मिला कामकाजी महिला हॉस्टल संचालन का दायित्व
उत्कृष्ट प्रबंधन और सुरक्षित वातावरण के आधार पर SMC ने दोबारा सौंपी जिम्मेदारी

सूरत। अग्रवाल समाज ट्रस्ट को एक बार फिर कामकाजी महिला हॉस्टल के संचालन का दायित्व सौंपा गया है। ट्रस्ट के उत्कृष्ट प्रबंधन, सुरक्षित एवं पारिवारिक वातावरण तथा बेहतर सेवाओं को देखते हुए सूरत महानगरपालिका (SMC) ने हॉस्टल का संचालन पुनः ट्रस्ट को सौंपने का निर्णय लिया है। केंद्रीय टीम द्वारा किए गए सर्वेक्षण एवं मूल्यांकन में हॉस्टल को उत्कृष्ट श्रेणी में स्थान मिलने के बाद ट्रस्ट को यह जिम्मेदारी दोबारा मिली है।
ट्रस्ट ने हॉस्टल की अधीक्षिका श्रीमती अंजू रामचंद्र अग्रवाल की समर्पित सेवाओं, सेवा भावना और मातृवत देखभाल की विशेष सराहना की। ट्रस्ट का कहना है कि उनके प्रयासों से हॉस्टल में रहने वाली महिलाओं को घर जैसा आत्मीय, सुरक्षित और विश्वासपूर्ण वातावरण मिल रहा है।
ट्रस्ट ने पूर्व पार्षद श्रीमती सुमन बहन गाड़िया द्वारा समय-समय पर दिए गए मार्गदर्शन एवं सहयोग को भी इस सफलता में महत्वपूर्ण योगदान बताया।
वर्तमान में इस हॉस्टल में कश्मीर से कन्याकुमारी और कच्छ से कामाख्या तक देश के विभिन्न राज्यों से आई सैकड़ों कामकाजी महिलाएं निवास कर रही हैं। उन्हें यहां भयमुक्त, सुरक्षित और पारिवारिक माहौल उपलब्ध कराया जा रहा है।
अग्रवाल समाज ट्रस्ट ने इस उपलब्धि को महिला सशक्तिकरण और समाज सेवा के क्षेत्र में अपने निरंतर प्रयासों का परिणाम बताते हुए कहा कि ट्रस्ट भविष्य में भी इसी समर्पण और गुणवत्ता के साथ महिलाओं की सेवा करता रहेगा।



