जैन नवयुवक मंडल (जैनम) की वार्षिक साधारण सभा संपन्न, अल्पेश छाजेड़ बने नए ट्रस्टी

सूरत। जैन नवयुवक मंडल (जैनम) की वार्षिक साधारण सभा रविवार को गौरव पथ, पाल स्थित यूफोरिया–द फाइन डाइन (रूबी हॉल) में आयोजित की गई। सभा में बड़ी संख्या में सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन की पिछले वर्ष की गतिविधियों की समीक्षा, वित्तीय प्रतिवेदन तथा आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। जैनम के अध्यक्ष निलेश चोरड़िया ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन की एकता, सक्रियता और सेवा भावना को निरंतर मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।
सभा में कोषाध्यक्ष ने वित्तीय वर्ष का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। इसके बाद मंत्री अरुण कानूंगा ने संगठन द्वारा गत वर्ष आयोजित सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए जैनम की उपलब्धियों की जानकारी दी।
सभा का प्रमुख आकर्षण नए ट्रस्टी का चयन रहा। ट्रस्टी गौतम धारीवाल का कार्यकाल पूर्ण होने से रिक्त हुए पद पर सदस्यों ने सर्वसम्मति से अल्पेश छाजेड़ को नया ट्रस्टी निर्वाचित किया। उनके निर्वाचन की घोषणा होते ही उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित ट्रस्टी अल्पेश छाजेड़ ने संगठन द्वारा जताए गए विश्वास के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे जैनम की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए समाज सेवा, संगठन की मजबूती और जनहित के कार्यों को नई ऊर्जा के साथ गति देने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में आभार ज्ञापन के साथ सभा का समापन हुआ। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन मंत्री अरुण कानूंगा ने किया।




