निर्जला एकादशी पर महावीर इंटरनेशनल मॉडल टाउन शाखा ने किया शीतल छाछ वितरण

सूरत। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर गुरुवार को महावीर इंटरनेशनल मॉडल टाउन शाखा, सूरत द्वारा सेवा कार्य के तहत शीतल छाछ वितरण का आयोजन किया गया। यह आयोजन लाभार्थी परिवार स्व. श्री नेमीचंद बोहरा की 25वीं पुण्यस्मृति के निमित्त कंगारू सर्कल (गुरुवार मार्केट) के बाहर रखा गया।
कार्यक्रम के दौरान सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक राहगीरों, रिक्शा चालकों, हाथगाड़ी संचालकों और टेम्पो चालकों को ठंडी छाछ वितरित की गई। भीषण गर्मी के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने छाछ का लाभ लिया और संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना की।
शाखा अध्यक्ष वीर पिंटू धारीवाल ने कहा कि गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से संस्था ने लाभार्थी परिवार के सहयोग से यह सेवा आयोजन किया। उन्होंने बताया कि राह चलते लोगों को छाछ पिलाकर संस्था को आत्मिक संतोष मिला और लोगों के चेहरे पर राहत देखकर सभी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा।
इस अवसर पर लाभार्थी परिवार के सदस्यों सहित संस्था के वीर कार्यकर्ता सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं और सहयोगी परिवार का आभार व्यक्त किया।




