श्री नरसिंह बांध बालाजी धाम में भक्तिमय माहौल, आज होगी श्री हनुमत रामकथा

सूरत।श्री नरसिंह बांध बालाजी धाम, बर्नपुर आसनसोल द्वारा संचालित एवं गुजरात प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के सानिध्य में आयोजित सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम के अंतर्गत लगातार धार्मिक आयोजनों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना हुआ है। यह संपूर्ण आयोजन श्री देवसर माता मंदिर प्रांगण में आयोजित किया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत 23 तारीख शनिवार को शाम 5 बजे से श्री राणी सती दादी का मंगल पाठ आयोजित किया गया। धनबाद से पधारे मिनी एवं परितोष द्वारा संपन्न कराए गए इस मंगल पाठ में बड़ी संख्या में माता एवं बहनों ने भाग लेकर दादी का गुणगान किया और भक्ति भाव से दादी को रिझाया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इसके बाद 24 तारीख रविवार को शाम 5 बजे से श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। यह पाठ भीलवाड़ा से पधारे डॉ. विष्णु सांगावत द्वारा कराया गया। सुंदरकांड पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और प्रभु श्रीराम एवं हनुमानजी की भक्ति में लीन होकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। भक्तों ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम की सफलता के लिए श्री हनुमानजी के आशीर्वाद से आसनसोल से पधारी पूरी टीम एवं गुजरात प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के कई पदाधिकारियों ने मिलकर जी-जान से मेहनत की। आयोजन के दौरान सेवा कार्यों के माध्यम से श्रद्धालुओं के प्रति समर्पण और भक्ति का भाव भी देखने को मिला।
आज 25 तारीख सोमवार को शाम 5 बजे से श्री हनुमत रामकथा का आयोजन किया जाएगा, जिसका वाचन काशी से पधारे परम पूज्य श्री राममोहन जी महाराज द्वारा किया जाएगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।


