महेश नवमी महोत्सव का आगाज, शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां तेज
उधना-गोडादरा माहेश्वरी सभा द्वारा प्रतियोगिताओं, शॉर्ट फिल्म एवं ज्ञान-विज्ञान आधारित कार्यक्रमों का आयोजन

सूरत। माहेश्वरी समाज के प्रमुख पर्व महेश नवमी को लेकर सूरत शहर में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। आगामी 23 जून को माहेश्वरी समाज द्वारा महेश नवमी पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इसी क्रम में उधना-गोडादरा माहेश्वरी सभा भी हर वर्ष की भांति इस वर्ष विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करने जा रही है।
सभा के मंत्री मुकेश टावरी ने बताया कि 21 जून को होटल ला इम्पीरियल, सांस्कृतिक एसी मार्केट में बच्चों एवं युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों में गेम्स, ज्ञान-विज्ञान आधारित गतिविधियां तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों पर आधारित शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
इन कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए गौरव कुमार देवपुरा को मुख्य संयोजक बनाया गया है। वहीं अंजना लाहोटी, सुमन भंडारी, अंजली डागा, स्वाति मोहता, अनुराधा बाहेती, प्राची मंत्री, राजकुमार चंडाक, राजेश सोनी, चेतन रांदेड, दामोदर राठी, राहुल साबू एवं मुकेश टावरी सहित विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की टीम गठित की गई है। अमित राठी को जिला संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सभा अध्यक्ष सत्यनारायण देवपुरा ने बताया कि 23 जून को महेश नवमी के अवसर पर सुबह 7 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। ढोल-नगाड़ों और धार्मिक उत्साह के साथ निकलने वाली यह शोभायात्रा गोडादरा क्षेत्र स्थित राज आइकन सोसायटी से प्रारंभ होकर अंबिका हाइट्स, अरण्या, ऑफिरा, प्रेस्टीज सैफायर-8, ट्विन लाइट स्काई व्यू सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए रूंगटा ग्रीन तक पहुंचेगी।
शोभायात्रा के संयोजक के रूप में कन्हैयालाल मनिहार एवं दीपेश को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभा पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव के सभी कार्यक्रमों में समाज के भामाशाहों एवं समाजजनों का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है, जिससे आयोजन को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। महेश नवमी महोत्सव को लेकर समाज में उत्साह का माहौल बना हुआ है।



