मदुरै में श्री अम्बे माताजी मंदिर का प्रथम वार्षिक ध्वजारोहण महोत्सव श्रद्धा के साथ सम्पन्न

मदुरै (तमिलनाडु)। मदुरै राजस्थानी सेवा समाज के तत्वावधान में देवनगरी स्थित श्री अम्बे माताजी मंदिर के प्रथम वार्षिक महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को भव्य ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण के बीच मंदिर के मुख्य शिखर पर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अमर ध्वजा फहराई गई।
समाज के प्रवक्ता दिनेश सालेचा ने बताया कि मंदिर के मुख्य शिखर पर कायमी अमर ध्वजारोहण का लाभ हुकमसिंहजी जवानसिंहजी दहिया परिवार (ओटवाला) ने प्राप्त किया। ध्वजारोहण के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और माता रानी के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
ध्वजारोहण के पश्चात दुर्गा हवन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर धर्मलाभ प्राप्त किया। इसके बाद आयोजित महाप्रसादी में समाज के अनेक परिवारों और भक्तों ने सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया।
महोत्सव में मदुरै राजस्थानी सेवा ट्रस्ट के ट्रस्टियों एवं समाज के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों की सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और मनमोहक बन गया।
श्रद्धालुओं ने माता रानी के चरणों में सुख, शांति, समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के अंत में समाज के पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी धर्मप्रेमी बंधुओं, मातृशक्ति एवं युवा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।



