
सूरत। रतन मार्केट में शनिवार, 13 जून 2026 को आयोजित जनरल मीटिंग में बाजार की नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारी भाइयों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर संगठन की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर अपने विचार रखे।
बैठक में सर्वसम्मति से श्री आनंदराज वैष्णव को पुनः अध्यक्ष चुना गया। वहीं श्री किशनभाई मोटवानी को सचिव तथा श्री राजीवभाई चोपड़ा को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही मार्केट के सुचारु संचालन एवं विकास कार्यों के लिए 31 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया।
जनरल मीटिंग के दौरान पदाधिकारियों द्वारा पिछले सात वर्षों का आय-व्यय एवं कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा व्यापारियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। उपस्थित व्यापारियों ने पारदर्शिता की सराहना करते हुए रतन मार्केट को और अधिक विकसित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव भी दिए।
बैठक में मार्केट की भावी योजनाओं, व्यापारिक सुविधाओं के विस्तार तथा व्यापारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई। अंत में सभी व्यापारियों ने नवगठित टीम को शुभकामनाएं दीं और चाय-नाश्ते के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में बैठक का समापन हुआ।




