शादी की सालगिरह पर शीतल जल प्याऊ का शुभारंभ, समाज सेवा का दिया संदेश
रीता शर्मा एवं नारायण शर्मा लाडनूं वालो की पहल, राहगीरों को मिलेगा शुद्ध एवं शीतल पेयजल

सूरत। सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए श्रीमती रीता शर्मा एवं नारायण शर्मा लाडनूं वालो ने अपनी शादी की सालगिरह को जनसेवा से जोड़ते हुए एक सराहनीय पहल की। उन्होंने उधना परिसर स्थित श्री दक्षिणाभीमुखी शनि हनुमान मंदिर, खरवर नगर के सामने शीतल जल प्याऊ का शुभारंभ किया।
इस सेवा प्रकल्प के माध्यम से क्षेत्र के आमजन, श्रद्धालुओं और राहगीरों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। गर्मी के मौसम में यह प्याऊ लोगों के लिए राहत का माध्यम बनेगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इस जनहितकारी पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी कदम बताया। उनका कहना था कि निजी खुशियों को समाज सेवा से जोड़ने की ऐसी सोच दूसरों को भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रेरित करती है।
इस अवसर पर वार्ड नंबर-19 की कॉरपोरेटर श्रीमती अनिता बेन मनीष भाई राणा की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने श्रीमती रीता शर्मा एवं नारायण शर्मा को शादी की सालगिरह की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज सेवा के ऐसे कार्य न केवल लोगों को राहत पहुंचाते हैं, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि लोग अपने पारिवारिक एवं व्यक्तिगत अवसरों को जनकल्याणकारी कार्यों से जोड़ें, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक मजबूत पहल हो सकती है।
शीतल जल प्याऊ के शुभारंभ के साथ ही उपस्थित लोगों ने दंपति के सुखद वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए उनके इस सेवा भाव की प्रशंसा की।




