businessTextileक्राइमसूरत सिटी

विकास लॉजिस्टिक पार्क के व्यापारी ने दलाल से मिलकर की 7.93 लाख रुपये की धोखाधड़ी

विकास लॉजिस्टिक पार्क के व्यापारी ने भुगतान का भरोसा देकर माल लिया और दुकान बंद कर फरार हुआ फरार

सूरत। वेसु क्षेत्र निवासी कपड़ा व्यापारी जयेश कुमार केशवलाल पटेल ने सारोली के एक व्यापारी और दलाल के खिलाफ लगभग 7.93 लाख रुपये की धोखाधड़ी एवं आपराधिक विश्वासघात की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर सारोली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता जयेश कुमार केशवलाल पटेल (48), निवासी फ्लैट नं. 601, विनीशा रेसिडेंसी, खाटूश्याम मंदिर के पास, वेसु, सूरत तथा मूल निवासी सुरजनगर, तहसील ऊंझा, जिला महेसाणा हैं। वे बमरोली स्थित हरी ओम इंडस्ट्रीज-2 में संचालित “जय टेक्सटाइल” और “शिव टेक्सटाइल” फर्मों का संचालन करते हैं।

मामले में आरोपी के रूप में महेश प्रभुदास शर्मा, प्रोपराइटर एस.एस. टेक्सटाइल, दुकान नं. जी-25, विकास लॉजिस्टिक पार्क, कुबेरजी वर्ल्ड के पीछे, सारोली, सूरत तथा कपड़ा दलाल चंदुभाई शंकरलाल पटेल, फ्लैट नं. 801, आकाश इको पॉइंट, शिखर हाइट्स के पास, अलथाण, सूरत का नाम सामने आया है।

शिकायत में बताया गया है कि नवंबर-2022 में दलाल चंदुभाई पटेल ने जयेश पटेल से संपर्क कर स्वयं को कपड़ा दलाल बताते हुए कहा था कि उसके पास अच्छे और विश्वसनीय व्यापारी हैं तथा वह 90 दिनों के भीतर भुगतान की जिम्मेदारी लेगा। इसके बाद उसने जयेश पटेल की मुलाकात सारोली स्थित एस.एस. टेक्सटाइल के संचालक महेश शर्मा से कराई। महेश शर्मा ने भी समय पर भुगतान का भरोसा देते हुए व्यापार शुरू कराया।

शिकायत के अनुसार 28 जनवरी 2023 को एस.एस. टेक्सटाइल ने दलाल चंदुभाई के माध्यम से “शिव टेक्सटाइल” से 4,90,848 रुपये मूल्य का विस्कोस ग्रे कपड़ा मंगवाया। माल की आपूर्ति कर दी गई, लेकिन इस खेप का एक भी रुपया आज तक नहीं चुकाया गया।

इसके बाद 4 फरवरी 2023 और 11 फरवरी 2023 को “जय टेक्सटाइल” से कुल 4,97,692 रुपये मूल्य का विस्कोस ग्रे कपड़ा खरीदा गया। इस राशि में से आरोपी पक्ष ने 11 फरवरी 2026 को 65,000 रुपये, 22 अप्रैल 2026 को 1,00,000 रुपये तथा 23 मई 2026 को 30,000 रुपये, कुल 1,95,000 रुपये का आंशिक भुगतान किया। इसके बावजूद 3,02,692 रुपये की राशि बकाया रही।

इस प्रकार दोनों फर्मों का कुल बकाया 7,93,540 रुपये हो गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि लगातार उगाही करने पर आरोपी व्यापारी और दलाल टालमटोल करते रहे। करीब छह माह पूर्व जब वह सारोली स्थित एस.एस. टेक्सटाइल की दुकान पर पहुंचे तो दुकान बंद मिली। आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि कई अन्य व्यापारियों के भी रुपये बकाया हैं और उधारी से परेशान व्यापारी वहां आते रहते हैं।

जयेश पटेल ने आरोप लगाया है कि महेश शर्मा और चंदुभाई पटेल ने आपसी मिलीभगत से विश्वास में लेकर लाखों रुपये का माल प्राप्त किया, भुगतान नहीं किया और बाद में दुकान बंद कर फरार हो गए। इसे उन्होंने सुनियोजित धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात बताया है।

सारोली पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।मामले की जांच पीएसआई वी.ए.देसाई कर रहे है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button