businessTextileक्राइमसूरत सिटी

साई दर्शन मार्केट के व्यापारी, मैनेजर और दलाल ने मिलकर की 37.27 लाख रुपये की धोखाधड़ी

साड़ी जॉबवर्क के तीन कारखानेदारो ने पूणा पुलिस थाने में कराया मामला दर्ज

सूरत। रिंग रोड स्थित साई दर्शन टेक्सटाइल मार्केट के एक व्यापारी, उसके प्रबंधक और एक दलाल के खिलाफ साड़ी जॉबवर्क करवाकर लाखों रुपये का भुगतान नहीं करने तथा दुकान बंद कर फरार हो जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शिकायतकर्ता सत्यपालसिंह सहदेवसिंह गोहिल (32), निवासी मकान नं. 134, गिरनार सोसायटी, नाना वराछा, सूरत तथा मूल निवासी गांव बलेली, तहसील पालिताणा, जिला भावनगर हैं। वह आईएफएम मार्केट की दुकान नं. 1068 में अपनी पत्नी उभाबा के नाम से संचालित ‘रुद्रा फैशन’ फर्म में साड़ियों पर जॉबवर्क का व्यवसाय करते हैं और स्वयं फर्म के अधिकृत संचालक हैं।
सत्यपलसिंह ने नितेश सांवरमल अग्रवाल, प्रोपराइटर, जय जीन फैब, यूजी-32-33, साई दर्शन टेक्सटाइल मार्केट, रिंग रोड, सूरत, विशाल शर्मा, जय जीन फैब के व्यवस्थापक तथा सुरेशभाई ओधाभाई लाखणकिया, निवासी 168, भोलेनाथ नगर, लसकाणा, सूरत के खिलाफ पूणा पुलिस थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है

शिकायत के मुताबिक करीब चार माह पूर्व दलाल सुरेश लाखणकिया के माध्यम से सत्यपालसिंह गोहिल की मुलाकात नितेश अग्रवाल और विशाल शर्मा से हुई थी। दोनों ने स्वयं को लंबे समय से साड़ी और लहंगा कारोबार से जुड़ा प्रतिष्ठित व्यापारी बताते हुए समय पर भुगतान करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद रुद्रा फैशन को साड़ियों पर जॉबवर्क का काम दिया गया और कहा गया कि 45 से 50 दिनों के भीतर भुगतान कर दिया जाएगा।

विश्वास में आकर सत्यपालसिंह गोहिल ने अपनी फर्म रुद्रा फैशन से 15 अप्रैल 2026 से 6 मई 2026 के बीच विभिन्न बिलों और चालानों के माध्यम से कुल 2,42,000 रुपये का जॉबवर्क किया। तैयार माल वापस जय जीन फैब की दुकान पर भेजा गया, जिसकी प्राप्ति पर नितेश अग्रवाल और उसके कर्मचारियों द्वारा हस्ताक्षर भी किए गए। हालांकि तय अवधि पूरी होने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया।

शिकायतकर्ता ने बताया कि भुगतान की मांग करने पर आरोपी लगातार बहाने बनाते रहे। बाद में जब वह साई दर्शन मार्केट स्थित दुकान पर पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। इसी दौरान अन्य व्यापारी भी उधारी की वसूली के लिए पहुंचे हुए थे। आरोपियों और दलाल के मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन सभी फोन बंद मिले।

जांच के दौरान शिकायतकर्ता को जानकारी मिली कि नितेश अग्रवाल, विशाल शर्मा और दलाल सुरेश लाखणकिया ने अन्य व्यापारियों के साथ भी इसी प्रकार की धोखाधड़ी की है। शिकायत में बताया गया है कि अवीरा फैशन के संचालक जयंतिभाई रामजीभाई हमीपरा के 21,85,800 रुपये तथा नील क्रिएशन के प्रोपराइटर प्रवीणभाई बाबुभाई कयाडा के 12,99,553 रुपये सहित कुल 34,85,353 रुपये का भुगतान नही किया व अमरोली तथा सलाबतपुरा पुलिस थाने में भी आरोपियों के खिलाफ करोडो रुपये की ठगी का मामला दर्ज है।

शिकायत के अनुसार सत्यपालसिंह गोहिल के 2,42,000 रुपये और अन्य दो व्यापारियों के 34,85,353 रुपये मिलाकर आरोपियों ने कुल 37,27,353 रुपये का भुगतान नहीं किया। आरोप है कि तीनों ने आपसी मिलीभगत से व्यापारियों को विश्वास में लेकर जॉबवर्क कराया, भुगतान टालते रहे और बाद में दुकान तथा मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गए।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर नितेश सांवरमल अग्रवाल, विशाल शर्मा, दलाल सुरेशभाई ओधाभाई लाखणकिया तथा जांच में सामने आने वाले अन्य लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।मामले की जांच पीएसआई पीएल कलथिया कर रहे है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button