ससुर द्वारा दर्ज कराए गए केस को वापस लेने के लिए बनाया दबाव, वेसु के फ्लैट में हाईवोल्टेज ड्रामा
वृद्ध ने व्यापारी के घर पहुंचकर खुद के हाथ पर ब्लेड मारी, झूठे केस में फंसाने की दी धमकी
सूरत। शहर के पॉश क्षेत्र वेसु में पारिवारिक विवाद को लेकर हाईवोल्टेज ड्रामा सामने आया है। ससुर द्वारा पूर्व में दर्ज कराई गई पुलिस शिकायत वापस लेने के लिए एक वृद्ध व्यक्ति ने अपने रिश्तेदार के घर पहुंचकर हंगामा किया, खुद के हाथ पर ब्लेड मार ली और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर व्यापारी ने वेसु पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार वेसु वीआईपी रोड स्थित द अल्टीमा अपार्टमेंट में रहने वाले तथा पांडेसरा क्षेत्र में डिस्पोजेबल पैकिंग मटेरियल का व्यवसाय करने वाले 36 वर्षीय धीरज गुलाबचंद डागा ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक फरवरी माह में वह अपनी पत्नी राधिका और दो बच्चों के साथ घर पर मौजूद थे, तभी उनके रिश्तेदार मुकेश जैन के पिता संचयलाल जैन (छाजेर) उनके घर पहुंचे।
आरोप है कि संचयलाल जैन ने राधिका को धमकाते हुए कहा कि अपने पिता से कहो कि वे पुलिस शिकायत वापस ले लें। इसके बाद उन्होंने अपनी जेब से ब्लेड निकालकर अपने ही हाथ पर वार करना शुरू कर दिया और धमकी दी कि यदि शिकायत वापस नहीं ली गई तो पुलिस बुलाकर पूरे परिवार को झूठे मामले में फंसा देंगे। इस दौरान खुद को बचाने के प्रयास में धीरज डागा के हाथ में भी ब्लेड लग गई, जिससे उन्हें चोट आई और खून निकलने लगा।
धमकियों से भयभीत होकर परिवार राजस्थान चला गया
घटना के बाद आरोपियों ने व्यापारी के भाई को फोन कर मामले को दबाने और किसी को जानकारी नहीं देने की चेतावनी दी। लगातार मिल रही धमकियों और घर में हुए हंगामे से डरा हुआ परिवार अगले ही दिन अपना घर छोड़कर राजस्थान स्थित पैतृक गांव चला गया।
‘मेरी बहू आत्महत्या कर लेगी और तुम्हारा नाम लिख जाएगी’
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि राजस्थान पहुंचने के बाद भी धमकियों का सिलसिला जारी रहा। संचयलाल जैन ने व्यापारी के पिता और अन्य रिश्तेदारों को फोन कर कहा कि अच्छा हुआ परिवार यहां से चला गया, अन्यथा उनकी पुत्रवधू स्नेहा जैन धीरज के घर के नीचे मिट्टी का तेल छिड़ककर आत्महत्या कर लेती और सुसाइड नोट में धीरज तथा राधिका का नाम लिख जाती। वहीं मुकेश जैन पर भी फोन पर गाली-गलौज और धमकियां देने का आरोप लगाया गया है।
लगातार दबाव और धमकियों से परेशान होकर धीरज डागा सूरत लौटे और वेसु स्थित शुकन रेजीडेंसी निवासी संचयलाल जैन तथा उनके पुत्र मुकेश संचयलाल जैन के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जोधपुर में एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुकेश जैन के खिलाफ राजस्थान के जोधपुर में लगभग एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज है। आरोप है कि शेयर बाजार में निवेश के नाम पर लोगों से ठगी की गई थी। शिकायतकर्ता के ससुर द्वारा दर्ज कराए गए इसी मामले को वापस लेने के लिए कथित रूप से दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।




