
सूरत। वराछा स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा में हुई 50 लाख रुपये की सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के कथित मास्टरमाइंड कुंदन भगत को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोप है कि कुंदन भगत ने पटना जेल में रहते हुए ही पूरी लूट की साजिश रची थी।
जानकारी के अनुसार इस डकैती को सात आरोपियों ने हथियारों के बल पर अंजाम दिया था। घटना के बाद क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि बाद में एक अन्य आरोपी को भी दबोच लिया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि पूरे षड्यंत्र का सूत्रधार कुंदन भगत है, जो उस समय बिहार की पटना जेल में बंद था।
इसके बाद वराछा पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पटना की एनआईए कोर्ट से अनुमति प्राप्त की और कुंदन भगत की कस्टडी हासिल कर उसे सूरत लाया गया। सूरत पहुंचने के बाद वराछा पुलिस ने उसकी औपचारिक गिरफ्तारी कर ली।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान लूट में शामिल अन्य आरोपियों तथा पूरे नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी।
एसबीआई बैंक डकैती मामले में मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी को वराछा पुलिस और क्राइम ब्रांच की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस अब मामले की शेष कड़ियों को जोड़ने और फरार आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हुई है।



