TAMILNDUराजस्थानलोकल न्यूज़

मदुराई-जोधपुर सीधी रेल सेवा की मांग हुई तेज

मनिवा ने डीआरएम ओम प्रकाश मीणा को ज्ञापन सौंपकर प्रवासी परिवारों की सुविधा के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करने की उठाई मांग

मदुराई (तमिलनाडु)। मदुरै नॉर्थ इंडियन वेलफेयर एसोसिएशन (मनिवा) के प्रतिनिधिमंडल ने मदुराई मंडल के रेल मंडल प्रबंधक (डीआरएम) ओम प्रकाश मीणा को ज्ञापन सौंपकर मदुराई से जोधपुर के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग की। इस संबंध में मनिवा के मीडिया प्रभारी दिनेश सालेचा ने जानकारी दी।

ज्ञापन में बताया गया कि मदुराई एवं आसपास के क्षेत्रों में राजस्थान और गुजरात के बड़ी संख्या में व्यापारी, कर्मचारी तथा उनके परिवार निवास करते हैं। वर्तमान में राजस्थान जाने के लिए यात्रियों को कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती है, जिससे विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे प्रशासन से मदुराई-जोधपुर सीधी रेल सेवा शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की। साथ ही भगत की कोठी-जोधपुर रेलगाड़ी संख्या 06067 को अहमदाबाद-भीलड़ी-समदड़ी मार्ग से दोनों दिशाओं में नियमित रूप से संचालित करने तथा चेन्नई एक्सप्रेस (20626) का विस्तार सप्ताह में कम से कम दो दिन मदुराई तक करने का भी अनुरोध किया।

मनिवा पदाधिकारियों ने कहा कि यह केवल एक रेल सेवा की मांग नहीं, बल्कि दक्षिण भारत में रह रहे हजारों प्रवासी परिवारों की सुविधा, सुरक्षा और भावनाओं से जुड़ा विषय है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा व्यक्त की।

इस अवसर पर मनिवा के उपाध्यक्ष मुकेशसिंह राजपुरोहित, महासचिव रतनदास वैष्णव, कोषाध्यक्ष किशोर डी. पटेल, सह सचिव महेंद्रसिंह राजपुरोहित, मीडिया प्रभारी दिनेश सालेचा, मदनसिंह राजपुरोहित सहित संस्था के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button