विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर मधुसूदन ग्रुप में जागरूकता कार्यक्रम, कर्मचारियों ने लिया तंबाकू मुक्त जीवन का संकल्प

सूरत/पलसाना। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर पलसाना स्थित लक्ष्मीनारायण कंपाउंड में मधुसूदन ग्रुप द्वारा कर्मचारियों के लिए तंबाकू के दुष्प्रभावों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में ग्रीनबाइट संस्था के अमितजी एवं दर्शना बहन ने मुख्य वक्ता के रूप में तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तंबाकू के उपयोग से कैंसर, हृदय रोग सहित कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही इसमें मौजूद निकोटीन व्यक्ति को नशे का आदी बनाकर उसके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है।
इस अवसर पर मधुसूदन ग्रुप के नवीनतजी मुंद्रा भी उपस्थित रहे। उन्होंने सभी कर्मचारियों को तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने तथा अपने कार्यस्थल और समाज को तंबाकू मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में अनिलजी, बांगड़जी, बी.सी. चांडकजी, नंदूभैया, मोहनजी बोरा सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वयं तंबाकू से दूर रहने तथा कम से कम तीन अन्य लोगों को भी तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और तंबाकू के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।



