एक शाम श्री माजीसा माँ के नाम भक्ति संध्या में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया धर्म लाभ

सूरत। श्री माजीसा माताराणी भटियाणी ट्रस्ट, बलेश्वर सूरत द्वारा आगामी फरवरी 2027 में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को सारोली-कड़ोदरा रोड स्थित लैंडमार्क एम्पायर मार्केट में “एक शाम श्री माजीसा माँ के नाम” विशाल भक्ति संध्या, चढ़ावा बोलियां एवं महाप्रसादी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में माँ माजीसा के भक्तों ने उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण भक्ति स्थल छोटा पड़ गया और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण छा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ 108 श्री डॉक्टर रामप्रसाद जी महाराज संत महात्माओं के सान्निध्य एवं माँ माजीसा की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर गुरुदेव पावन सान्निध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। संतों ने अपने उद्बोधन में धर्म, सेवा, संस्कार एवं समाज में एकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भक्तों को धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की प्रेरणा दी।

भक्ति संध्या में सुप्रसिद्ध भजन कलाकार महावीर सांखला (नागौर), श्रीमती अनीता जांगिड़ (रानी) एवं अनिल सांखलेचा (मुंबई) ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रखा। भक्तजन भजनों पर झूमते नजर आए और पूरा परिसर “जय माजीसा माँ” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के निमित्त आयोजित बोलियों में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। इस दौरान लिफ्ट सेवा, माँ के मुनीम जी, साफा-चुनड़ी, मोमेंटो, घर-घर तोरण एवं ‘जय माजीसा माँ’ पत्रिका सहित विभिन्न धार्मिक सेवाओं की बोलियां बोली गईं। छह प्रमुख बोलियों में समाज के भामाशाहों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी पूंजी का सदुपयोग धर्म कार्यों में किया। ट्रस्ट मंडल ने बताया कि फले चुनड़ी की बोली की शुभ सूचना आगामी समय मे जाएगी।
कार्यक्रम में 36 कौम के अग्रणीय जनों सहित हजारों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। सूरत के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा मुंबई, जयपुर, अहमदाबाद, बाड़मेर, भिवंडी, वापी, नवसारी एवं वलसाड सहित कई शहरों से भक्तजन विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे।
अध्यक्ष पुखराज संकलेचा ने बताया कि नव निर्वाचित मेयर श्री मावानी ,स्थानीय पार्षद दिनेश राजपुरोहित,अशोक पोकरना ने माँ दरबार मे अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।

अंत में विशाल महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। ट्रस्ट मंडल ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी भक्तों, भामाशाहों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया।



