सूरत में तंबाकू उत्पादों की होली
विश्व तंबाकू निषेध दिवस की पूर्व संध्या पर व्यसनमुक्ति का संदेश

सूरत। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसकी पूर्व संध्या पर वड रोड स्थित श्री स्वामिनारायण गुरुकुल में बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, मावा और अन्य तंबाकू उत्पादों की प्रतीकात्मक होली जलाकर लोगों को नशामुक्त जीवन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में सिंगणपोर पुलिस स्टेशन के पीएसआई बी.डी. कामलिया, कॉन्स्टेबल जगदीश सोलंकी, अल्पेश भाटिया सहित गुरुकुल के संत एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संतों और अतिथियों ने संयुक्त रूप से गुटखा व तंबाकू उत्पादों की होली प्रज्ज्वलित की।
इस अवसर पर प्रभु स्वामी ने कहा कि तंबाकू अनेक गंभीर बीमारियों और कैंसर का प्रमुख कारण है। उन्होंने बताया कि भारत में प्रतिदिन हजारों लोग तंबाकूजनित बीमारियों के कारण जान गंवाते हैं, जबकि सूरत में भी हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग तंबाकू से होने वाले कैंसर का शिकार बनते हैं।
उन्होंने लोगों से व्यसन छोड़ने, अच्छे संस्कार अपनाने और गलत संगति से दूर रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने तंबाकू एवं अन्य नशों से दूर रहने का संकल्प भी लिया।



