businessTextileसूरत सिटी

फोस्टा चुनाव की प्रक्रिया तेज, 20 जून को होंगे 41 डायरेक्टर्स के चुनाव

सूरत। सूरत टेक्सटाइल मार्केट की प्रमुख संस्था फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन (फोस्टा) के तीन वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने के बाद आगामी चुनाव प्रक्रिया को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार, 29 मई 2026 को मिलेनियम मार्केट स्थित फोस्टा कार्यालय में चुनाव अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनाव कार्यक्रम और प्रक्रिया को लेकर विस्तृत चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान आगामी 20 जून 2026, शनिवार को फोस्टा के चुनाव कराने का निर्णय लिया गया तथा चुनाव संबंधी अधिसूचना भी जारी कर दी गई। बैठक में फोस्टा के चुनाव अधिकारी अशोक जैन, ब्रजमोहन अग्रवाल एवं सचिन अग्रवाल उपस्थित रहे। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

गौरतलब है कि फोस्टा सूरत कपड़ा मंडी के 75 हजार से अधिक कपड़ा व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करने वाला प्रमुख संगठन है। संस्था में 1500 से अधिक मतदाता हैं, जबकि इस बार 41 डायरेक्टर्स का चुनाव किया जाएगा। कपड़ा व्यापार से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों के समाधान तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से चुनाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जुलाई 2023 में करीब 11 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद फोस्टा के चुनाव संपन्न हुए थे। उस समय ‘एकता समिति’ और ‘विकास समिति’ के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला था। चुनाव में कैलाश हाकिम के नेतृत्व वाले पैनल ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए सभी 41 डायरेक्टर पदों पर विजय हासिल की थी।

हाल ही में हुई बोर्ड मीटिंग में भी चुनाव की तारीख, प्रक्रिया एवं चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। अब आगामी चुनाव को लेकर कपड़ा व्यापारियों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button