सामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

‘पद्मश्री’ सम्मानित नीलेश मंडलेवाला का सूरत एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत

वर्ष 2006 के राज्य के पहले इंटरसिटी किडनी डोनर स्व. जगदीशभाई शाह की पत्नी ज्योतिबेन ने किए चरण स्पर्श, चार वर्षीय अंगदाता स्व. कृषांग पटेल का परिवार भी रहा उपस्थित

सूरत। ‘पद्मश्री’ सम्मान प्राप्त करने के बाद “ऑर्गन मैन ऑफ इंडिया” के नाम से प्रसिद्ध नीलेश मंडलेवाला का सूरत एयरपोर्ट पर भव्य और भावनात्मक स्वागत किया गया।

अंगदान जागरूकता और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डोनेट लाइफ संस्था के संस्थापक एवं “ऑर्गन मैन ऑफ इंडिया” के रूप में पहचान रखने वाले नीलेश मंडलेवाला को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति Droupadi Murmu के हाथों देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान ‘पद्मश्री’ से सम्मानित किया गया।

27 मई 2026 को सूरत एयरपोर्ट पहुंचने पर शहर के अंगदाता परिवारों, विभिन्न अग्रणियों, डोनेट लाइफ के ट्रस्टियों, स्वयंसेवकों, समाजसेवियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में शुभचिंतकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान “जय हिंद” और “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण गूंज उठा।

सूरत एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद नीलेश मंडलेवाला ने वर्ष 2006 में गुजरात के पहले इंटरसिटी किडनी डोनर स्व. जगदीशभाई शाह की धर्मपत्नी ज्योतिबेन शाह के चरण स्पर्श कर ‘पद्मश्री’ सम्मान उन्हें और उनके परिवार को समर्पित किया। भावुक स्वर में उन्होंने कहा कि, “यह सम्मान केवल मेरा या डोनेट लाइफ संस्था का नहीं, बल्कि उन सभी अंगदाता परिवारों का है, जिन्होंने दुख की घड़ी में भी कई लोगों को नया जीवन देने का महान निर्णय लिया।”

इस अवसर पर ज्योतिबेन शाह ने नीलेश मंडलेवाला का तिलक, फूलमाला और शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।

नीलेश मंडलेवाला ने मात्र चार वर्ष की आयु में किडनी दान करने वाले स्व. कृषांग पटेल के परिवार से भी मुलाकात कर उन्हें नमन किया तथा अंगदान की इस मानवतापूर्ण यात्रा में उनके अमूल्य योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर नीलेश मंडलेवाला ने कहा कि उन्हें मिला ‘पद्मश्री’ सम्मान अंगदाता परिवारों के सहयोग, डॉक्टरों एवं अस्पतालों, स्मीमेर और सिविल अस्पताल, गुजरात एवं सूरत शहर पुलिस, सूरत एयरपोर्ट अथॉरिटी, मीडिया, डोनेट लाइफ के स्टाफ, ट्रस्टियों, स्वयंसेवकों और समाज के अग्रणियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

उन्होंने सूरत एयरपोर्ट पर उपस्थित सभी अग्रणियों, अंगदाता परिवारों, मीडिया मित्रों, ट्रस्टियों, स्वयंसेवकों, समाजसेवियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित शुभचिंतकों का प्रेम, सम्मान और आशीर्वाद के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button