“ऑर्गन मैन ऑफ इंडिया” नीलेश मंडलेवाला को राष्ट्रपति ने पद्म श्री से किया सम्मानित
अंगदान जागरूकता के दो दशक लंबे अभियान को मिला देश का बड़ा सम्मान, बोले- यह अवॉर्ड सभी अंगदाताओं और उनके परिवारों को समर्पित

सूरत।सूरत के प्रसिद्ध समाजसेवी और “ऑर्गन मैन ऑफ इंडिया” के नाम से पहचान बना चुके नीलेश मंडलेवाला को भारत सरकार द्वारा देश के प्रतिष्ठित “पद्म श्री” सम्मान से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार-2026 समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह सहित कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं।
अंगदान जागरूकता के क्षेत्र में पिछले दो दशकों से लगातार कार्य कर रहे नीलेश मंडलेवाला को समाज सेवा में उनके अतुलनीय योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया। भारत सरकार ने 26 जनवरी 2026 को उनके नाम की पद्म श्री पुरस्कार के लिए घोषणा की थी। सम्मान प्राप्त करने के बाद भावुक हुए नीलेश मंडलेवाला ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका या उनकी संस्था “डोनेट लाइफ” का नहीं, बल्कि पूरे सूरत, गुजरात, सभी ऑर्गन डोनर्स, उनके परिवारों और अंगदान अभियान से जुड़े हर व्यक्ति का सम्मान है। उन्होंने यह सम्मान अपने दिवंगत माता-पिता और भगवान द्वारकाधीश को समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि अंगदान अभियान को सफल बनाने में दक्षिण गुजरात के डॉक्टरों, अस्पतालों, सूरत सिटी पुलिस, एयरपोर्ट अथॉरिटी, सिविल अस्पताल के फोरेंसिक विभाग, सीआईएसएफ, मीडिया संस्थानों, सामाजिक संगठनों और हजारों स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ अंगदान जागरूकता अभियान को देशभर में आगे बढ़ाने की प्रेरणा देगा।
गौरतलब है कि नीलेश मंडलेवाला ने वर्ष 2005 में सूरत से अंगदान जागरूकता अभियान की शुरुआत की थी। शुरुआती दौर में लोगों में अंगदान को लेकर जागरूकता बेहद कम थी, लेकिन उन्होंने लगातार जनजागृति अभियान जारी रखा। वर्ष 2014 में उन्होंने डोनेट लाइफ संस्था की स्थापना की, जिसके माध्यम से सेमिनार, वॉकथॉन, प्रदर्शनी, रेडियो-टीवी कार्यक्रम, डिजिटल अभियान और सोशल मीडिया के जरिए देशभर में अंगदान के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाई गई। संस्था अब तक 10 करोड़ से अधिक लोगों तक अपनी पहुंच बना चुकी है और हजारों लोगों को नई जिंदगी देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी है।



