12 जून तक चलेगी सिंधु दर्शन यात्रा, श्रद्धालुओं को किया गया रवाना
भारतीय सिंधु सभा सूरत महानगर द्वारा सिंधु भवन में विदाई समारोह आयोजित, देशभर से 440 श्रद्धालु होंगे शामिल

सूरत। भारतीय सिंधु सभा, सूरत महानगर की ओर से सिंधु दर्शन यात्रा-2026 पर रवाना होने वाले यात्रियों के लिए सिंधु भवन में विदाई समारोह आयोजित किया गया। यह वार्षिक यात्रा 1 जून से 12 जून तक चलेगी। यात्रा जम्मू से प्रारंभ होकर कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए लेह-लद्दाख तक पहुंचेगी।
इस वर्ष देशभर से कुल 440 श्रद्धालु यात्रा में भाग ले रहे हैं, जबकि रसोइयों एवं प्रबंधकों सहित कुल संख्या 490 है। इनमें 240 यात्री गुजरात से हैं तथा अकेले सूरत शहर से 37 श्रद्धालु यात्रा में शामिल हो रहे हैं। समारोह में संस्था की स्थापना, उद्देश्य एवं यात्रा के महत्व की जानकारी भी दी गई।
भारतीय सिंधु सभा के पूर्व उपाध्यक्ष प्रताप गोपालानी ने यात्रियों को यात्रा के चार स्वीकृत मार्गों — एसडी/1 (हवाई मार्ग), एसडी/2 (जम्मू-लेह-जम्मू), एसडी/3 (जम्मू-लेह-चंडीगढ़) तथा एसडी/4 (जम्मू-लेह-हवाई मार्ग वापसी) — के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और आवश्यक नियमों से भी यात्रियों को अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी सत्र में यात्रियों की विभिन्न शंकाओं का समाधान किया गया। समारोह में पूर्व स्थायी समिति अध्यक्ष अनिल गोपलाणी, सुंदरदास आहूजा, नानकराम अटलानी एवं गोवर्धनभाई छत्तानी सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। अंत में अध्यक्ष भगवानदास भागचंदानी ने आभार व्यक्त किया, जबकि संचालन रंजीत चंदनाणी ने किया।



