गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने तक शर्ट नहीं पहनने का संकल्प

सूरत। टेक्सटाइल मार्केट के अग्रणी व्यापारी एवं गौभक्त रामरतन बोहरा ने गौसेवा और गौसंरक्षण को लेकर अनूठा संकल्प लिया है। उन्होंने घोषणा करते हुए प्रतिज्ञा की है कि जब तक गौमाता को “राष्ट्रमाता” का दर्जा नहीं मिल जाता और भारत भूमि गौवध के कलंक से मुक्त नहीं हो जाती, तब तक वे शर्ट या कुर्ता धारण नहीं करेंगे तथा केवल बनियान में ही रहेंगे।
गौरतलब है कि सोमवार को सूरत शहर में हजारों गौभक्तों द्वारा विशाल रैली का आयोजन किया गया था। रैली के माध्यम से गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर सूरत जिला कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में गौसेवकों और सामाजिक संगठनों ने सहभागिता निभाई।
गौभक्त रामरतन बोहरा के इस त्याग और संकल्प को उपस्थित लोगों ने प्रेरणादायी बताते हुए उनकी भावना की सराहना की। उपस्थित गौभक्तों ने कहा कि गौसंरक्षण के प्रति इस प्रकार का समर्पण समाज में जागरूकता का संदेश देता है।
इस अवसर पर गौभक्त अरुण पाटोदिया, ललित शर्मा, शम्भूसिंह, ओम केला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




