लघु उद्योग भारती की विशेष बैठक सम्पन्न
चंचल वछानी महिला अध्यक्ष नियुक्त

सूरत। लघु उद्योग भारती की विशेष बैठक का आयोजन रीजेंट टेक्सटाइल मार्केट स्थित श्री मारुधर केसरी साड़ी प्रा. लि. में किया गया। बैठक में गुजरात प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर पटेल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए ईश्वर पटेल ने कहा कि सूरत देश का प्रमुख टेक्सटाइल हब है और आगामी अक्टूबर माह में गांधीनगर के हेलीकॉप्टर ग्राउंड में आयोजित होने वाले 16वें आईआईएफ (इंडियन इंडस्ट्रियल फेयर) में सूरत के उद्योगपतियों एवं व्यापारियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि इस औद्योगिक मेले में लगभग दो लाख लोगों के आने की संभावना है, जिससे उद्योग जगत को नए व्यापारिक अवसर प्राप्त होंगे।
सूरत शहर अध्यक्ष रामावतार पारीक ने संगठन विस्तार पर जोर देते हुए बताया कि सूरत में महिला विंग का गठन किया जा रहा है। इस क्रम में चंचल वछानी को महिला अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि शीघ्र ही महिला सदस्यों की संख्या बढ़ाकर महिला विंग का विस्तार किया जाएगा तथा भविष्य में महिला उद्यमी सम्मेलन आयोजित कर उत्कर्ष महिला उद्यमियों का सम्मान भी किया जाएगा।
शहर उपाध्यक्ष रमेश राठी ने बताया कि वर्तमान में सूरत में संगठन की सात इकाइयाँ सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं तथा शीघ्र ही नई कार्यकारिणी का गठन कर संगठन का विस्तार किया जाएगा।
संभाग उपाध्यक्ष हंसराज जैन ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन के माध्यम से उद्योग हित, व्यापारी हित और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाना चाहिए।
बैठक में संयुक्त सचिव पंकज शर्मा, मीडिया प्रभारी शीशपाल स्वामी, इकाई अध्यक्ष ओम प्रकाश कुमावत, राधेश्याम शर्मा, गणपत भाटी, श्रवण सिंह राजपुरोहित सहित विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




