
सूरत। द सदर्न गुजरात चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) गोल्डन जुबिली मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा रविवार को सरसाणा स्थित प्लेटिनम हॉल में भव्य अवॉर्ड समारोह का आयोजन किया गया। वर्ष 2024-25 के लिए विभिन्न 15 श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्योगपतियों और संस्थाओं को प्रतिष्ठित अवॉर्ड प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गुजरात चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष तथा एस्ट्रल लिमिटेड के संस्थापक संदीप इंजीनियर उपस्थित रहे। उन्होंने सूरत शहर से जुड़ी अपनी स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि उद्योग जगत में इस प्रकार की पहल नई प्रेरणा प्रदान करती है। चेंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने स्वागत भाषण में बताया कि पूर्व अध्यक्ष रजनीकांत मारफतिया के कार्यकाल में समाज और उद्योग के बीच मजबूत सेतु स्थापित करने के उद्देश्य से इन अवॉर्ड्स की शुरुआत की गई थी।
इस वर्ष के विशेष आकर्षण के रूप में एन्वायरो कंट्रोल प्रा. लि. के डॉ. निमेष वशी को ‘स्पेशल लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. वशी ने कहा कि यह सम्मान केवल पुरस्कार नहीं बल्कि आशीर्वाद के समान है। उन्होंने सूरत के वाटर मैनेजमेंट प्लांट को भारत सरकार द्वारा प्राप्त प्रथम स्थान का उल्लेख करते हुए ‘ब्रांड सूरत’ को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
अवॉर्ड विजेताओं में वीविंग श्रेणी में आस टेक, यार्न प्रोसेसिंग में रेमंड लाइफस्टाइल, फैब्रिक श्रेणी में इस्कॉन जरी हाउस तथा पर्यावरण संरक्षण श्रेणी में यशो इंडस्ट्रीज जैसी अग्रणी संस्थाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ट्रस्ट के चेयरमैन रजनीकांत मारफतिया सहित 300 से अधिक उद्योगपति उपस्थित रहे। अंत में उपाध्यक्ष अशोक जीरावाला ने आभार व्यक्त किया।



